बीच-बचाव (Beech-Bachaav)

दांये पैर और बांये पैर के बीच अनबन आई
तो दांये हाथ और बांये हाथ में भी ठन आयी

गर्दन घूमी सर चकराया कड़क आवाज़ आयी
कान आप ही बजन लगे गयी आँखों की बिनाई

हम गुलाम नहीं किसी के हाथ पैर कहने लगे
सभी मज़े करते हैं हम काहे बोझा ढोने लगे

हमारी ताकत से देखो फुल सिस्टम चलता है
सारा दिन मर खप के भी हमें क्या मिलता है

आँख कान कहे हमें क्या अकड़ दिखाता है
मुंह को बोल दिन बड़ बड़ करके बिताता है

कुछ अंग तो देखो कुछ कर के नहीं खाते हैं
सीटी बजा कर ही सारा सारा दिन बिताते हैं

मसला हुआ पेचीदा जब हर अंग लगा गुर्राने
अपनी ढपली सब अपनी धुन में लगे बजाने

लम्बी चली लड़ाई शरीर की शामत आयी
सब अंग बने मुखिया न्याय कौन करे भाई

गैस चैम्बर सुन रहे थे बकवास सबकी चुप
तिलमिलाए शटर बंद किये धूम धड़ाम धुप

गैस भगी उलटी दिल धकधक बंद बकबक
आँखें लाल हुईं कान करने लगे उठा पटक

गैस गुब्बारा बना शरीर भेजे का हुआ दही
मीटिंग बुलाई हो बंद लड़ाई मानो मेरी कही

सब अंग उलट पुलट हुए जसतस हाथ जोड़े
शटर खोल दे बे गुरु ओ मरजाने ओ निगोड़े

फेफड़ों ने दी दुहाई लड़ाई बंद कर लो भाई
भेजा इसका फिर गया है समझो मौत आई

सब अंगों ने माफ़ी मांगी उठक बैठक लगाई
तब जाकर भाई ने शटर उठाये गैस भगाई

चुप रहने वालों से कम पंगा लिया करो सांई
रूठ जाएँ जो कही तो बजवा देते हैं शहनाई

हमारी ताकत सभी अंग घर की हैं सब घरवाले
आपस में लड़ने लगे तो बीच बचाव में कौन आवे

Scroll to Top