तर-बतर (Tar-Batar)

सावन में बारिश का देखो कहर
सूरज सिमटा बादलों से छिपकर

काले बादलों ने लगाया था डेरा
पहरा तगड़ा और मज़बूत घेरा
परिंदा भी मार न पाता था पर
बारिश होती रहती चारों पहर

सावन में बारिश का देखो कहर
बादल और सूरज की धरपकड़

सूरज ने की हिमाकत एक दोपहर
पहरा ढीला देख झाँका ज़मीन पर
ढक लिया बादलों ने लात लगाई
भागा रोता पाँव रख कर सर पर

सावन में बारिश का देखो कहर
सूरज को मिली कैद सप्ताह भर

बारिश इस तरह मचती रही कहर
सूरज का इस्तीफ़ा ले बिठाया घर
धमाचौकड़ी उठक पटक ज़मीं पर
पानी ही पानी जहाँ जाती थी नज़र

सावन में बारिश का देखो कहर
घर ज़मीन मैदां पानी से तर बतर
सावन में बारिश का ऐसा कहर
सूरज की छुट्टी बादलों की मेहर

Scroll to Top