सज्जन (Sajjan)

सज्जन सत्य को जीवन का सिद्धांत बना लेते हैं
उत्कृष्ट चरित्र से खुद की पहचान बना लेते हैं
अगली पीढ़ी को भी वे सत्यमार्ग सुझा देते हैं

श्रीराम का कुल जीवन घोर तपस्या का व्रत है
पुरुषार्थ उनके चरित्र में मोक्ष मार्ग का रथ है
मन का संयम धैर्य शांति अवतार बना देते हैं
अगली पीढ़ी को भी वे सत्यमार्ग सुझा देते हैं

श्री कृष्ण रूप में भी जग को प्रेम प्रसंग पढ़ाया
प्रेम स्तम्भ ईश्वर से कान्हा ने साक्षात्कार कराया
प्रेम में रह कर प्राणी जग को स्वर्ग बना देते हैं
अगली पीढ़ी को भी वे सत्यमार्ग सुझा देते हैं

गांधीजी का जीवन सकल मानव सेवा में बीता
भारत की आज़ादी को सत्य के बल पर जीता
बापू सम योगी रामराज्य की कुंजी बता देते हैं
अगली पीढ़ी को भी वे सत्यमार्ग सुझा देते हैं

साक्षी आज का युग है जहाँ परम तपस्वी आया
अब्दुल कलाम के जीवन ने भारत भाग्य बनाया
इन जैसे कर्मयोगी सादगी में विश्वास बढ़ा देते हैं
अगली पीढ़ी को भी वे सत्यमार्ग सुझा देते हैं

हम सब का ही कर्त्तव्य है सत्य मार्ग पर चलना
घडी परीक्षा की में धैर्य रखना संभल कर रहना
मानव जीवन के महान आदर्श की शिक्षा देते हैं
अगली पीढ़ी को भी वे सत्यमार्ग सुझा देते हैं

सज्जन सत्य को जीवन का सिद्धांत बना लेते हैं
उत्कृष्ट चरित्र से खुद की पहचान बना लेते हैं
अगली पीढ़ी को भी वे सत्यमार्ग सुझा देते हैं

Scroll to Top