Sweet Rejection

मैं बरसाती सूखा नाला
तुम बाढ़ उफनती नदी प्रिये
बेमेल हमारी जोड़ी का
नामुमकिन है मिलन प्रिये

तुम हॉटडॉग सी हॉट हॉट
संग मुज़रेल्ला की चटनी हो
मैं जली बेड़मी पूरी हूँ
जो खैरातों में बटनी हो
तुम पेट्रोल सी ज्वलनशील
मैं माचिस पूरी बुझी प्रिये
बेमेल हमारी जोड़ी का
नामुमकिन है मिलन प्रिये

तुम कान्वेंट एजुकेटेड
गिटपिट इंग्लिश बतियाती हो
ग्रेजुएट हिंदी से मैं
अंग्रेजी जिसे डराती हो
ख्वाब तुम्हारे देखूं मैं
नहीं ऐसी मेरी बिसात प्रिये
बेमेल हमारी जोड़ी का
नामुमकिन है मिलन प्रिये

काया से तुम भरी पूरी
शुष्कबदन बेचारा मैं
तुम श्वेतवर्ण ज्यों दूध क्रीम
हूँ चारकोल सा काला मैं
फुट से तुम लोहा लेती
संघर्ष मेरा इंचों से प्रिये
बेमेल हमारी जोड़ी का
नामुमकिन है मिलन प्रिये

गाड़ी बंगले नौकर चाकर
महलों की तुम रानी हो
मैं स्लीपर मैं चलने वाला
ज्यों साइकिल कोई पुरानी हो
बोझ मेरी बेकारी का
डालूंगा तुम पर न प्रिये
बेमेल हमारी जोड़ी का
नामुमकिन है मिलन प्रिये

मैं बरसाती सूखा नाला
तुम बाढ़ उफनती नदी प्रिये
बेमेल हमारी जोड़ी का
नामुमकिन है मिलन प्रिये

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *