डॉक्टर जी जरा नब्ज़ देख लो बहुत परेशान हो गए हम
उल्टी चक्कर गैस सतावै है पेट में चल रहे कई सितम
डॉक्टर बोला जीभ दिखाओ मुंह खोलो और बोलो कम
अरे लक्षण बता रहे हैं तुमने खाया है अड़गम सड़गम
मेरी सुनो डॉक्टर जी अपनी तो खुराक है एकदम कम
मैंने तो नहीं खाया कुछ भी ऐसा वैसा अड़गम सड़गम
दो रोटी कल घर खायी थी फिर बाजार घूमने गए हम
हलवाई के यहाँ समोसे कढ़ाई में तल रहे गरम गरम
तीखा बहुत था पर फिर भी समोसे चार दबा गए हम
इतना ही तो बस खाया था है कोई अड़गम सड़गम?
आगे बढ़े तो रेहड़ी पर बनते छोले भठूरे नरम नरम
स्वाद बहुत थे दो प्लेट वहीं खड़े खड़े लील गए हम
इतना ही तो बस खाया था है कोई अड़गम सड़गम?
जरा दूर खस्ता जलेबी देखी लालच में आ गए हम
ज्यादा नहीं बस पाव जलेबी मौके पे भकोस गए हम
इतना ही तो बस खाया था है कोई अड़गम सड़गम?
आगे गए दोस्त मिल गए जिनसे शर्त लगा लिए हम
पचास रसगुल्ले दोस्तों से शर्त जीते गपक गए हम
इतना ही तो बस खाया था है कोई अड़गम सड़गम?
पेट में तो जगह शेष थी खुद को ही समझा गए हम
कचोरियों की क्या खुशबू थी दो लपेट घर आ गए
इतना ही तो बस खाया था है कोई अड़गम सड़गम?
डॉक्टर हंसकर बोला पहलवान मुझे भी खालो तुम
लो ये दवाई आराम करो खाने में खिचड़ी लेना तुम
पहलवान बाहर आया मगर बुद्धि में बात गयी कम
वापस आया बोला डॉक्टर एक बात बताओ हुकम
खिचड़ी खाने से पहले या फिर खाने के बाद लें हम..
hmmmmmmmmmm………….
बड़े बुज़ुर्ग सही कह गए
मत खाओ अड़गम सड़गम
मत खाओ अड़गम सड़गम
मत खाओ अड़गम सड़गम
मत खाओ अड़गम सड़गम
