गयी भैंस पानी में (Gayi Bhains Pani Men)

दो कुत्ते आपस में बतियाते जाते थे
मालकिन पीछे डंडा लेकर आती थी
कुत्ते प्रसन्न कि मालिक को घुमाते हैं
मालिक खुश कि कुत्तों को घुमाती थी

खेल घुमाने का और डंडे का दोस्तो
अद्भुत है पर समझ नहीं आता है
डंडे वाला खुश है कि वो मालिक है
पता नहीं मगर कौन किसे घुमाता है

पुलिस के डंडे पर जो चोर घुमता है
जेल से बाहर पुलिस को घुमाता है
अफसर के डंडे पर घूमे मुलाज़िम
झूठ बोलकर अफसर को घुमाता है

बीवी के नखरों पर घूमता है शौहर
हज़ार बहानों से बीवी को घुमाता है
चुनाव से पहले जो घर घर घूमता है
जीतने पर नेता जनता को घुमाता है

डंडा जो झूमे तो घूमता हर कोई
लाठी जिसके हाथ भैंस घुमाता है
भैंस अगरचे उतर जाए पानी में
फिर देखो किसको कौन घुमाता है

खेल घुमाने का और डंडे का दोस्तो
अद्भुत है पर समझ नहीं आता है
डंडे वाला खुश है कि वो मालिक है
पता नहीं मगर कौन किसे घुमाता है

Scroll to Top