झुरझुरी फुरफुरी गुदगुदी(JFG)

वो कौन सी रूहानी ताकत है

बदन में खारिश कर जाती है  

झुरझुरी फुरफुरी और गुदगुदी

की मीठी बारिश हो जाती है

झांको तो घुसपैठिया नदारद

बेज़ा हाथों और उंगलियों में 

उठने  वाली पहली हरकत    

आंखों का सीसीटीवी  फेल

सेंट्रल नर्वस सिस्टम  हेड  

ऑफिस तक जाती है मेल

पूरा तंत्र खतरे को सूंघ कर  

बेहद सकते में आ जाता है   

और मामला पेचीदा दर 

पेचीदा  होता जाता है

“अलर्ट! कहीं तो खुजली आई है!”

हाथ कहें —”लोकेशन भेजो!”

उँगलियाँ —”GPS कहाँ है?”

नाक ने भों सिकोड़कर

 —”मुझसे क्या मतलब!”

कान जूं रेगा कर 

—” हम तो छुट्टी पर हैं!”

दिमाग़ मीटिंग बुलाता है 

और निकम्मेपन के लिए

सबकी क्लास लगाता है  

पैर चापलूसों की तरह

शिकायत करने लगते  हैं  

खुजाना हमारी ड्यूटी नहीं

ब्लेम गेम खेलने लगते हैं  

ऑपरेशन खुजलाहट को 

हरी झंडी दे दी जाती है 

टारगेट एलिमिनेशन की

की ज़रुरत बढ़ती जाती है  

हाथों और उंगलियों में  

गज़ब मचलन आ जाती है

फिर बिना वारंट, बिना सबूत,

पूरे बदन की तलाशी होती है।

कहाँ खुजली थी पता ही नहीं,

अंधाधुंध मारा मारी होती है।

नाखून AK-47 बन जाते हैं,

दे फायर… दे फायर… दे फायर!

असला बारूद गिराया जाता है  

चमड़ी जब तक शहीद न हो ,

ऑपरेशन जारी रखा जाता है।

बचता है आखिर में तो केवल

रक्तरंजित जंगे मैदान चमड़ी    

झुरझुरी चिरमिरी बन जाती है  

रूहानी ताकत ठहाके लगाती है  

खून से सना जंगे मैदान देख वो 

पिपासु जीभ लपलपाती है  

जंग किसी विवाद का हल नहीं,

से सीख खुजली हमें दे जाती है  

जंगे मैदान से दूर कोई जगह 

फिर से खुजलाने लगती है 

Leave a Comment

Scroll to Top