**एक बाबा हैं।**
कुली से रिटायर हुए हैं।
अब भी वे लोगों का भार उठा लेते हैं,
और बदले में पीते हैं…
सिर्फ़ एक चाय।
लोग अब उन्हें…
**बाबा भार-टी** के नाम से बुलाते हैं।
अब आप ये मत समझ लेना
कि मैं बाबा भारती और डाकू खड़ग सिंह
का ज़िक्र करने जा रहा हूँ।
ये वाले बाबा…
थोड़े प्रैक्टिकल हैं।
दिल्ली में रहते हैं।
उनके पास एक पुरानी साइकिल है,
जो शायद उनके दादाजी ने उनके पिता को…
और पिताजी ने उन्हें सौंप दी होगी।
बेटा और बहू कनाडा में पीआर हैं।
बाबा और उनकी पत्नी साथ,
दिल्ली के घर में
बुढ़ापा गुज़ार रहे हैं।
उनकी दो बेटियाँ हैं,
दोनों शादीशुदा।
उनमें से एक…
नोएडा में रहती है।
बाबा की साइकिल पुरानी है…
लेकिन महिमा ऐसी है तथा बाबा भार-टी
का लगाव उससे ऐसा है…
कि सत्तर साल की उम्र में भी
बाबा उस पर चढ़कर
अक्सर नोएडा,
बेटी के पास चले जाते हैं और आ भी जाते हैं।
सेम- डे!
बाबा और उनकी साइकिल…
दूर-दूर तक मशहूर हैं।
एक रोज़
एक जवान लड़का
उनके घर आया।
चोरी करने नहीं…
बहाने से रेकी करने।
उसने बाबा से कहा—
“मैं भी आपसे अपना
भार उठवाना चाहता हूँ।
चाय भी पिलाऊँगा।”
बातों-बातों में
बाबा ने उसे बता दिया—
की कैसे वो आज भी
नोएडा बेटी से मिलने
साइकिल से जाते हैं और
वापस भी आ जाते हैं
बस…
उसी पल से
शातिर लड़के का फोकस…
सिर्फ़ बाबा की साइकिल हो गई।
एक रात…
मौका देखकर
वो साइकिल उठा ले गया।
लेकिन…
जाते-जाते उसने देखा
कि बाबा ने उसे देख लिया है।
बाबा बोले—
“बेटा…
साइकिल ले जा रहे हो…
ले जाओ।
बस एक बात का ध्यान रहे..
इस बात का ज़िक्र
कभी किसी से मत करना।
वरना…
लोगों का
अच्छाई और सच्चाई से
विश्वास उठ जाएगा।”
भाई लोग!
ऑडियंस!
अगर आपने
खड़ग सिंह और बाबा भारती की कहानी
पढ़ रखी है और मन बना लिया है तो में जाऊं..?
भूल जाओ उसे…
तो बाबा भार-टी की बात सुनकर
चोर के हाथ काँप गए।
क्योंकि उसने भी,
आप लोगों की तरह,
खड़ग सिंह और बाबा भारती की कहानी
पढ़ी थी।
चोर घर चला तो गया,
साइकिल लेकर।
लेकिन…
उसकी अंतरात्मा
उसे पुरानी कहानी वाला
खड़ग सिंह समझकर
ताने देने लगी।
और सोना…
दूभर कर दिया।
चोर ने खुद को कोसा—
क्यों पढ़ी मैंने वो कहानी?
“मुझे भी…
सुधरना होगा अब।”
बस…
रात के दो बजे ही…
वह साइकिल लेकर
बाबा के दरवाज़े पहुँच गया।
वापस करने।
बाबा बाहर आए।
चेहरे पर वही तेज़ लिए…
मुस्कुराए।
और बोले—
“बेटा…
बाबा भारती की कहानी
मैंने भी पढ़ी है।
लेकिन…
मैं बाबा भारती नहीं हूँ।
और तू…
कोई डाकू खड़ग सिंह नहीं है, टुच्चे।”
चोर बोला—
“जी…?”
बाबा बोले—
“ये साइकिल…
तू ही रख।”
चोर…
हैरान।
बाबा ने आगे कहा—
“आज से…
इसकी ज़िम्मेदारी
तेरी हुई।
मेरी धरोहर है।
इसे संभालकर रखना।
पंक्चर हो…
चेन उतरे…
इस पर आँच मत आने देना।”
चोर की आँखों में…
आँसू थे..
पुरानी कहानी से मैचिंग हो रही थी..
“मुझे तुझसे
कुछ नहीं चाहिए।
बाबा ने दोहराया
बस…
जब भी मेरा दिल करे…
मैं तुझे कॉल करूँगा।
तब-तब
तू मुझे
नोएडा,
बेटी के घर छोड़कर आ जाया करना…
और…
फिर लेकर भी आ जाया करना…”
चोर पैनिक मोड में
ह्रदय गति रुक जाने
के कारण मृत्यु को प्राप्त हो गया
और साइकिल बाबा भारटी के
पास वापस आ गयी
