निगोड़े निकोटिन(NN)

वह ठंडी चाय को सिंक में उंडेले जा रहा था

चाय  ऊपर जमे निकोटिन को कोस रही थी

सब तेरी वजह से हुआ है निकम्मे, देख

खामखां मेरे ऊपर आकर चिंधुड़ गया

शर्म नहीं आयी तुझे क्या इज़्ज़त है मेरी

अब देख खामखां सिंक के रस्ते हो ली

तेरा तो नाम ही मनहूस है निगोड़े, निकोटिन

खबरदार आज के बाद मेरे रस्ते में आया तो

कोई पसंद नहीं करता तुझे

तुझे देखते ही मुझे फेंक देते हैं

क्यों तू पैदा होते ही मर नहीं गया!

निकोटिन मासूमियत से बोला माँ

जैसा भी हूँ मैं तेरा ही तो हिस्सा हूँ

सब नफरत करते हैं तो तो मत कर

जहाँ तू रहेगी मुझे साथ रहना है

गर्म हो ठंडी तेरी छाया में रहना है

तू पीने वालों में फर्क क्यों करती है

सिंक भी तो तुझे पी ही रहा है

माँ साथ है मुझे सिंक में तो क्या

जहन्नुम में जाना भी मंज़ूर है                 

Leave a Comment

Scroll to Top