जो किया तुमने किया(JKTK)

मैंने सदा सही होने का कभी दावा नहीं किया,

क्यों पूजकर तुमने मन-मंदिर में बिठा दिया।

जो किया तुमने किया, मैंने कहा कुछ भी नहीं,

फिर आज क्यों मुझको नज़रों से  गिरा दिया?

आदि का न था ज्ञान मुझे, न ही अंत पता है,

नदी के कल-कल जल ने इस रूप में गढ़ा है।

तुम्हारे मन को भाया तो घर अपने ले आए,

ईश्वर का रूप समझा उसके संग  बिठाये।

असफलता का दोष आज  क्यों लगा दिया,

मनहूस कहकर मुझे  तुमने उछाल दिया।

मेरी गति यही है, हाँ, यह मालूम है मुझको,

तुमने ही अर्श से आज फ़र्श से  लगा  दिया

पत्थर हूँ—न कोई गुमान, न कोई उम्मीद है,

पर मुझमें भी कुछ है, जो सीखने की चीज़ है।

आस्था ने मुझे पूजा नफरत ने ठुकरा दिया, 

बदला अगर कोई है, तो तुम्हारा नज़रिया।

Leave a Comment

Scroll to Top