वो पुराने कपड़े(VPK)

पापा आप फिर ये पुराने कपड़े पहने बैठे हो  

नए दिलाये हैं मगर उन्हें हैंगर पे टांग देते हो  

कभी मेरे तो कभी भाई के कपड़े पहनते हो  

क्या मज़ा आता है आप ऐसा  क्यों करते हो  

वो सुन लेता है  अक्सर हंसी में टाल देता है  

दो दिन  मानता है फिर मनमानी  करता है  

क्या कारण है जब खुद से सवाल करता  है  

पाता है कि वह  अतीत से  प्यार   करता है  

जो गुजर गयीं हैं उन यादों को ओढ़ लेता है  

वो पुराने कपड़े जिनमें  वो बहुत  जंचता था  

दोस्तों और कॉलीग्स से तारीफ़ बटोरता था  

आइना देखता है तो सब छूटा नजर आता है  

बदला नहीं है वो, कपड़ों से दिलासा देता  है  

बच्चों और पत्नी को वह बहुत प्यार करता है  

जताया नहीं कभी, वो अब भी नहीं कहता है  

बच्चे बड़े हो गए हैं अब करीब नहीं आ पाते

पहले उसे ज़िन्दगी से समय नहीं मिल पाया  

अब बच्चे मशरूफ हैं वो  नहीं निकाल पाते   

पत्नी के कपड़े तो  वह  पहन नहीं सकता है 

बच्चों के पहने कपड़ों से मन को सहलाता है  

इसी बहाने से वह उनको करीब ले आता है

नए कपड़े  शायद  उसे कभी नहीं लुभाएँगे

बंद अलमारी में  वज़ूद तलाशते रह जाएंगे 

उम्र का कौन सा दयार है दोस्तो  पता नहीं

हासिल सब कुछ है,  चाहिए कुछ भी  नहीं

Leave a Comment

Scroll to Top