आलीशान भवन की बुनियाद बने प्लॉट को खुद पर रश्क हो गया
बगल वाले कीचड़ से भरे प्लॉट से जाकर खाली पीली अकड़ गया
पता नहीं सुबह-सुबह बदबूदार लोगों से क्यों मुलाकात हो जाती है
मनहूस मुँह देखने पड़ते हैं, बिल्ली जाने कब रास्ता काट जाती है
बगल वाला प्लाट शर्मिंदा था, कुछ नहीं बोल सका, वो शांत रहा
मगर अपनी कीचड़ की गहराई में वो एक गहरी बात सोचने लगा
आलीशान भवन बनने पर इसकी छाती आज जो चौड़ी हो गई है
नादान को नहीं पता है इसके जीवन में संभावना खत्म हो गई है
यहीं रुक गया है भविष्य और बरसों तक ऐसे ही रहेगा, जकड़ा
मेरे पास आज कुछ भी नहीं है पर बाकी है गुंजाइश का टुकड़ा
कौन जाने कोई मेरी गंदगी साफ़ कर बढ़िया एक उपवन बनाये
कल बच्चे खेलने आएं, खिले जीवन और पौधे और फूल मुस्कुरायें
आधी मौत जीवन की तभी समझिए जब गुंजाइश खत्म हो जाए
क्या विडंबना है…
जिसे दुनिया कचरा समझकर छोड़ जाती है,
अक्सर वही…
आने वाले कल की बुनियाद बन जाती है।
