मिलावट का धंधा आखिर अपराध क्यों है
जबकि सबसे बड़ा मिलावटी तो वो है जिसकी
हम रोज़ पूजा करते हैं, नाम जपते हैं
उसने मिलावट कर कर के
पूरी सृष्टि की रचना कर डाली!
पुरुष अंश को नारी अंश में मिलाकर
प्रकृति की समस्त प्रजातियां प्रदान कीं
एकदम ऑथेंटिक आइडिया,
कंपनी का नाम ही देख लीजिए!
मिलावटी-राम एंड संस
कोई ऐरे गैरे नहीं हैं हम खानदानी लोग हैं
युगो युगों की विरासत है
हमारे प्रथम पूर्वज वे महान व्यक्ति थे
जिन्होंने सतयुग के पतन की शुरुआत की
जब सच की तरह सफेद दुग्धसागर में
पहला लोटा पानी का मिला कर आए थे
जय हो…
मिलावट रीति सदा चली आई
पानी में दूध की छवि पाई
उसके बाद से मिलावट, मिलना मिलाना
जैसे आम हो गया है
हम लोग भी तो आपस में मिलकर
मिलावट कर नए विचारों को जन्म देते हैं
मिलावट मतलब कई गुना लाभ
कच्चे आम साठ के
पके आम लगभग दो सौ रुपये के
कच्चे आम में इंजेक्शन दिया
केमिकल से ने आम को पका दिया
मतलब ब्रेक ईवन लगा कर,
सारे खर्चे मिलाकर और,
मोल भाव करके इतना हो ही जाएगा
अब CTC देखिए, कॉस्ट टू कस्टमर
मैं आम लेकर आया, सीजन था,
थोक में लेकर आया था मज़े से खाएंगे
भाई आया..
भाई ने सुझाया कि मिलावटी आम
चेक करना हो तो इसमें नींबू काटकर
डाल दो, मिलावटी होगा तो आम का रंग
बैंगनी हो जाएगा। यानी लेकर आप आम लाये हो
पैसे पूरे दिए हैं, और असल में लाए क्या? बैंगन!
तो मैं अपने आमों को चेक करने के लिए
एक किलो नींबू भी लाया और सच जानिये
अपने इन्हीं हाथों से मैंने अधिकाँश को
को बैंगन बनाया है, भर्ता भी काफी स्वाद था
मैंने आमों के दाम में बैंगन ले लिए
बैगन….!
तो निष्कर्ष यही है, सोचता हूँ कि, मैं
मिलावटी राम एंड संस कंपनी की फ्रैंचाइज़ ले लूं,
बहुत हो गया, नौकरी छोड़ूँ और व्यापार करूँ
स्टार्टअप के लिए फंडिंग तो सरकार दे ही देगी।
