दिल दरया (Dil Darya)

मेरा तुम्हारा क्या रिश्ता है तुमको पता है या हमको पता है
बंधन यह पक्का कितना है तुमको पता है या हमको पता है

खुद को खोकर पाया है तुमको खुशकिस्मत हम तुमसे मिले हैं
प्यार हमारा रब की दुआ है तुमको पता है या हमको पता है

मेरे मन की बात को तुम कैसे बिन बोले ही समझ जाती हो
कहती नहीं हो पर मेरे आने से कितनी खुश तुम हो जाती हो
मेरी ज़रुरत तुम भी हो यह तुमको पता है या हमको पता है

दुनिया के अंदाज़ जुदा हैं इन बातों को यह क्या समझेगी
रस्मों की दुहाई देकर इस रेशम को मैला कर देगी
राज़ को दिल में ही रखना है तुमको पता है या हमको पता है

आओ थोड़ा आज में मर लें क्योंकि कल थोड़ा जीना है
अश्कों पी जाएँ हम आज कल तो ज़हर हमको पीना है
दिल दरया कितना गहरा है तुमको पता है या हमको पता है

मेरा तुम्हारा क्या रिश्ता है तुमको पता है या हमको पता है
बंधन यह पक्का कितना है तुमको पता है या हमको पता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *