सरकारी दफ्तर (Sarkaari daftar)

सरकारी दफ्तर में साब आएंगे
खबर आई है कि साब आएंगे
निरीक्षण करने को साब आएंगे
प्रोग्रेस देखने को साब आएंगे

दफ्तर सजा लो, साब आने वाले हैं
आंकड़े चमका लो, साब आने वाले हैं
स्लाइड शो बना लो, साब आने वाले हैं
सभी को बता दो, साब आने वाले हैं

हर चीज़ का जायज़ा साब जी लेंगे
नाश्ते में इडली-सांभर साब जी लेंगे
पहले रियल जूस मगर साब जी लेंगे
लंच में फल-फ्रूट साब जी लेंगे

अरे अरे, क्या कहा? साब नहीं आएंगे?
क्या हुआ साब जी, क्यों नहीं आएंगे?
तबियत है खराब, साब नहीं आएंगे
ओ माय गॉड, साब जी नहीं आएंगे!

सुनो, खबर है साब आ सकते हैं
तबियत है खराब मगर आ सकते हैं
एक मीटिंग में हैं वो आ सकते हैं
भई बड़प्पन है उनका, जो आ सकते हैं

फाइलें उठा लो, साहब आने वाले हैं
कुर्सियां पोंछ लो, साहब आने वाले हैं
चेहरे सजा लो, साहब आने वाले हैं
सभी सीधे बैठो, साहब आने वाले हैं

चलो भई, साब की गाड़ी आ गई है
अफसर दौड़े हैं, शायद गाड़ी आ गई है
मैनेजर भी भागे हैं, लगता है आ गई है
सब सीटों पर बैठ जाओ, गाड़ी आ गई है

साब से ज़रा तहज़ीब से पेश आना
वो मुस्कुराएं जब, तभी मुस्कुराना
जितना वो पूछें, उत्तर उतना ही देना
अफसर शुरू करें, तभी प्लेट उठाना

शांत! शांत! शांत! वो अंदर आ गए हैं
रिसेप्शन से अब लॉबी में आ गए हैं
चुपचाप बैठो, वो आ गए हैं
नाश्ते पर करम फरमा रहे हैं!

सुनो सब सुनो, साब चले गए हैं
ज़रूरी काम था, साब चले गए हैं
टाइम नहीं था, इसलिए चले गए हैं
बढ़िया काम करते रहो, साब चले गए हैं!

दफ्तर फिर खाली, कुर्सियां फिर मैली
फाइल वही पुरानी, चाय ऊपर फ़ैली
कल फिर खबर आएगी, सब फिर घबराएंगे
साहब नहीं आते… मगर आ सकते हैं!
तुम सबकी घुंडी वो घुमा सकते हैं

Scroll to Top